राजनांदगांव में नकली DEF रैकेट का पर्दाफाश, 2940 लीटर जब्त, एक गिरफ्तार

Fri 09-Jan-2026,04:42 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

राजनांदगांव में नकली DEF रैकेट का पर्दाफाश, 2940 लीटर जब्त, एक गिरफ्तार Rajnandgaon Fake DEF Racket Police Action
  • राजनांदगांव में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में नकली डीईएफ बिक्री गिरोह का भंडाफोड़, 2940 लीटर डुप्लीकेट माल जब्त।

  • अवैध डीईएफ कारोबार पर पुलिस की सख्त चेतावनी, उपभोक्ता सुरक्षा और औद्योगिक धोखाधड़ी रोकने की दिशा में बड़ा कदम।

Chhattisgarh / Raj Nandgaon :

chhattisgard/ राजनांदगांव जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में चिचोला पुलिस चौकी और साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम ने डुप्लीकेट डीईएफ (डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड/यूरिया) की अवैध बिक्री करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

मामले का खुलासा एक लिखित शिकायत के बाद हुआ। शिकायतकर्ता मंगल पाण्डे, निवासी ठाणे (महाराष्ट्र), ने पुलिस चौकी चिचोला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम पाटेकोहरा में जुम्मन ढाबा के पास स्थित एक बिल्डिंग में जुम्मन खान द्वारा महिंद्रा ऑयल, टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल जैसी नामी कंपनियों के नकली होलोग्राम और स्टीकर लगाकर डीईएफ की अवैध बिक्री की जा रही है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक और एसडीओपी आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में चिचोला चौकी प्रभारी योगेश पटेल और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।

रेड के दौरान मुख्य आरोपी जुम्मन खान फरार हो गया, जबकि मौके से ईशु यादव (19 वर्ष), निवासी महोबा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 147 बकेट डीईएफ जब्त कीं, जिनमें प्रत्येक बकेट में 20 लीटर डीईएफ था। इस प्रकार कुल 2940 लीटर डीईएफ बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.92 लाख रुपये आंकी गई है।

आरोपी से डीईएफ के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में यह कृत्य कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 के तहत अपराध पाया गया। आरोपी को न्यायालय डोंगरगढ़ में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

फरार मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान की तलाश जारी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नकली उत्पादों की बिक्री और उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।