चंदेरी में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़

Wed 11-Feb-2026,01:48 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

चंदेरी में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ Indore-Narcotics-MD-Drugs-Bust-Chanderi
  • इंदौर नारकोटिक्स विंग ने चंदेरी में छापेमारी कर करोड़ों की एमडी ड्रग्स जब्त कर अवैध मादक पदार्थ नेटवर्क का खुलासा किया।

  • डेढ़ किलो सूखी और 45 किलो लिक्विड एमडी बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सप्लाई चैन की जांच जारी।

Madhya Pradesh / Indore :

Chanderi/ इंदौर नारकोटिक्स विंग ने अशोक नगर जिले के चंदेरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स निर्माण और सप्लाई के अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने आर्थिक नुकसान के बाद अवैध ड्रग्स कारोबार की राह पकड़ी थी। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस उप महानिरीक्षक (नारकोटिक्स) महेशचंद्र जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रियांशु जैन और उसके एक सहयोगी के रूप में हुई है। दोनों को चंदेरी क्षेत्र से पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी पहले गेहूं सॉल्वेंट प्लांट और मैदा प्लांट का संचालन करता था, लेकिन कारोबार में भारी घाटा होने के बाद उसने अवैध गतिविधियों की ओर रुख कर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने इंटरनेट के माध्यम से एमडी ड्रग्स (मेथामफेटामाइन) बनाने की जानकारी जुटाई। इसके बाद आवश्यक रसायनों की खरीद कर पहली बार ड्रग्स तैयार की गई। पुलिस को मौके से करीब डेढ़ किलो सूखी एमडी ड्रग्स और 45 किलो लिक्विड एमडी बरामद हुई है। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार ड्रग्स की सप्लाई किन-किन शहरों या राज्यों में की जानी थी। साथ ही, रसायन आपूर्ति करने वालों और संभावित खरीदारों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।