नालंदा में NIA की बड़ी रेड: हथियार तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा

Mon 06-Apr-2026,03:32 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

नालंदा में NIA की बड़ी रेड: हथियार तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा Nia-Raid-Nalanda-Arms-Smuggling-Network
  • नालंदा में NIA की 10 ठिकानों पर छापेमारी, बिहार से लेकर उत्तर भारत तक फैले अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क को तोड़ने की बड़ी कार्रवाई।

  • NIA अदालत ने दो बांग्लादेशी आरोपियों की हिरासत बढ़ाई, हत्या और अवैध घुसपैठ मामले में जांच तेज, कई अहम कड़ियां जुड़ने की उम्मीद।

Bihar / Nalanda :

Nalanda/ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बिहार के नालंदा जिले में अवैध हथियार और गोला-बारूद तस्करी के खिलाफ बड़ा तलाशी अभियान चलाया है। सोमवार को हुई इस कार्रवाई में NIA की कई टीमें राज्य पुलिस के साथ मिलकर 10 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करती नजर आईं। यह अभियान उत्तरी भारत में फैले एक बड़े तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से चलाया गया है।

NIA के अनुसार, इस मामले की जांच पिछले वर्ष शुरू की गई थी, जिसके बाद से एजेंसी लगातार इस नेटवर्क के विभिन्न पहलुओं को खंगाल रही है। जांच के दौरान सामने आया कि यह गिरोह बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में सक्रिय था और अवैध हथियारों व गोला-बारूद की सप्लाई कर रहा था।

इस मामले में बड़ा मोड़ तब आया, जब दिसंबर 2025 में NIA ने मुख्य आरोपी कमलकांत वर्मा उर्फ ‘अंकल जी’ को पटना से गिरफ्तार किया। वह इस पूरे नेटवर्क का अहम सदस्य माना जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ कि कमलकांत हरियाणा और अन्य राज्यों के अवैध हथियार निर्माण इकाइयों से गोला-बारूद खरीदने और उसे विभिन्न राज्यों में सप्लाई करने में मुख्य भूमिका निभाता था।

इस नेटवर्क के तहत हथियार और गोला-बारूद पहले उत्तर प्रदेश पहुंचाए जाते थे और फिर वहां से बिहार समेत देश के अन्य हिस्सों में भेजे जाते थे। इससे पहले भी NIA ने 4 दिसंबर 2025 को उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा में 23 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की थी। उस दौरान चार आरोपियों रवि रंजन, शशि प्रकाश, विजय कालरा और कुश कालरा को गिरफ्तार किया गया था और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे।

ताजा कार्रवाई में एजेंसी को कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है, जिससे पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में मदद मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि यह ऑपरेशन देश में अवैध हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला को खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इसी बीच, एक अन्य मामले में NIA की विशेष अदालत ने दो बांग्लादेशी नागरिकों की हिरासत 9 दिन के लिए बढ़ा दी है। इन दोनों को मार्च में पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया था। उन पर बांग्लादेशी राजनीतिक कार्यकर्ता शरीफ उस्मान बिन हादी की हत्या का आरोप है। जांच एजेंसियां इस मामले में भी कई अहम कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई हैं।