भोपाल दुष्कर्म-धर्मांतरण केस में खुलासा
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Bhopal-Rape-Forced-Conversion-Case-Network-Arrest
भोपाल में ब्यूटीशियन से दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण मामले में पुलिस ने कथित नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में गरीब लड़कियों को निशाना बनाकर नशीला पदार्थ देने, दुष्कर्म और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने के आरोप सामने आए।
भोपाल/ राजधानी भोपाल में ब्यूटीशियन के साथ दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस मामले में एक संगठित नेटवर्क की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ अन्य की तलाश जारी है। मामले ने मानव तस्करी के संभावित एंगल को भी जन्म दिया है।
पुलिस के मुताबिक अमरीन और उसकी बहन आफरीन कथित तौर पर इस नेटवर्क का संचालन कर रही थीं। इस प्रकरण में आफरीन, अमरीन, उनके भाई जामल और चौथे आरोपी चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि चंदन यादव पहले ही धर्म परिवर्तन कर चुका था और उस पर पीड़िता से दुष्कर्म का आरोप है।
मामले में जन्नत नामक महिला फरार बताई जा रही है, जबकि यासिर नाम के आरोपी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोप है कि यासिर ने पीड़िता के साथ अहमदाबाद में दुष्कर्म किया था। पुलिस इन दोनों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरोह कथित रूप से गरीब परिवारों की लड़कियों को निशाना बनाता था। युवतियों को नशीला पदार्थ पिलाकर उनके साथ दुष्कर्म किए जाने और बाद में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने के आरोप हैं। कुछ पीड़िताओं ने यह भी कहा है कि उनके साथ दुष्कर्म के बाद अन्य स्थानों पर भेजने की कोशिश की गई।
अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच मानव तस्करी के दृष्टिकोण से भी कर रही है। कई अन्य संभावित पीड़िताएं सामने आई हैं, जिनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच बागसेवनिया थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।