लखनऊ अस्पताल लापरवाही: मृत घोषित महिला जिंदा निकली
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Lucknow-Hospital-Delivery-Negligence-Case
लखनऊ के निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला को मृत घोषित करने का आरोप, परिजनों के हंगामे के बाद आईसीयू से जिंदा बाहर लाया गया।
परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा होने की उम्मीद।
Lucknow/ लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी स्थित Krishna Life Line Hospital में डिलीवरी के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक आशु रावत की पत्नी चांदनी कुमारी (22) को प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल के डॉक्टरों ने अचानक चांदनी को मृत घोषित कर दिया और परिवार से मृत्यु प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। इससे परिवार के लोग सदमे में आ गए। लेकिन कुछ देर बाद जब परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया, तब अस्पताल प्रशासन ने महिला को आईसीयू से जिंदा बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। हालांकि प्रसव के बाद उसकी हालत गंभीर बनी रही। स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल ने चांदनी को बेहतर इलाज के लिए पहले Balrampur Hospital रेफर कर दिया।
इसके बाद उसे King George’s Medical University (KGMU) भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन करीब छह घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच की तैयारी में हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि महिला की मौत का असली कारण क्या था और अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई लापरवाही हुई या नहीं। इस घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।