अलीगढ़ लापता इंस्पेक्टर केस: मां ने लगाया हत्या का आरोप
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Missing-Aligarh-Inspector-Anuj-Kumar-DNA-Investigation
अलीगढ़ के महुआखेड़ा क्षेत्र से लापता निलंबित इंस्पेक्टर अनुज कुमार मामले में मां ने हत्या का आरोप लगाकर जांच को नया मोड़ दिया।
17 सितंबर 2025 को मिले अज्ञात शव के विसरा से मिलान के लिए परिवार का डीएनए सैंपल भेजा गया, रिपोर्ट का इंतजार।
Aligarh/ अलीगढ़ के महुआखेड़ा थाना क्षेत्र से पांच महीने पहले लापता हुए निलंबित इंस्पेक्टर अनुज कुमार के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। इंस्पेक्टर की मां ने तत्कालीन एसएसपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बेटे की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले में डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।
मूल रूप से गाजियाबाद निवासी इंस्पेक्टर अनुज कुमार अलीगढ़ में तैनात थे। विभागीय कार्य में लापरवाही और गैरहाजिर रहने के आरोप में उन्हें तत्कालीन एसएसपी संजीव सुमन द्वारा निलंबित किया गया था। अधिकारियों के समक्ष पेश न होने पर उनके खिलाफ 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इंस्पेक्टर अनुज कुमार 17 सितंबर 2025 से लापता हैं। उनकी मां सुशीला देवी का आरोप है कि महुआखेड़ा थाना पुलिस उनके बेटे को घर से अपने साथ ले गई थी, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने तत्कालीन एसएसपी संजीव सुमन पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।
मामले में वर्तमान एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि 17 सितंबर 2025 की शाम जीआरपी पुलिस को एक अज्ञात शव मिला था, जिसका विसरा सुरक्षित रखा गया था। चूंकि उसी दिन इंस्पेक्टर अनुज लापता हुए थे, इसलिए शव के विसरा से मिलान के लिए उनकी मां और भाई का डीएनए सैंपल जांच हेतु भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अज्ञात शव का संबंध इंस्पेक्टर अनुज कुमार से है या नहीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उधर, परिवार ने मुख्यमंत्री और हाईकोर्ट के समक्ष भी शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।