Amritsar Terror Module: स्वतंत्रता दिवस से पहले Punjab Police की बड़ी कार्रवाई, 4 संदिग्ध गिरफ्तार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Amritsar Terror Module
अमृतसर पुलिस ने KLF से जुड़े चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा किया।
जांच में पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और ISI कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई, फंडिंग और पूरे नेटवर्क की जांच होगी।
Amritsar / स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब पुलिस ने संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहात के अजनाला क्षेत्र से खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) से जुड़े चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी स्वतंत्रता दिवस के आसपास किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान करणवीर सिंह, मनदीप सिंह, सुखदीप सिंह और प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। चारों आरोपी अमृतसर के रामदास क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। अमृतसर देहात के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवल प्रीत सिंह ने बताया कि यह गिरोह पहले भी कई गंभीर आपराधिक और आतंकी घटनाओं में शामिल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनकी गतिविधियां कथित रूप से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर संचालित हो रही थीं।
जांच एजेंसियों के अनुसार, 23 जुलाई की आधी रात अजनाला थाना क्षेत्र की चमियारी पुलिस चौकी पर हुए बोतल बम हमले में भी इसी मॉड्यूल की भूमिका सामने आई है। उस समय इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली थी और पुलिस ने आधिकारिक रूप से हमले की पुष्टि भी नहीं की थी। अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर उस मामले की भी दोबारा जांच की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि एएसआई जोगा सिंह की हत्या और खासा स्थित सेना क्षेत्र के बाहर हुए विस्फोट में भी इसी नेटवर्क की संलिप्तता हो सकती है। सुरक्षा एजेंसियां इन सभी मामलों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही हैं और तकनीकी व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की गई है। रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई, फंडिंग, पाकिस्तान स्थित कथित हैंडलरों से संपर्क और पूरे आतंकी मॉड्यूल के अन्य सदस्यों के बारे में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही विस्तृत प्रेस वार्ता कर कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की जानकारी साझा की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस से पहले की गई इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे संभावित आतंकी साजिश को समय रहते विफल करने का दावा किया गया है।