गुजरात एटीएस का बड़ा खुलासा, ऑनलाइन कट्टरपंथी मॉड्यूल का पर्दाफाश

Tue 21-Apr-2026,04:59 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

गुजरात एटीएस का बड़ा खुलासा, ऑनलाइन कट्टरपंथी मॉड्यूल का पर्दाफाश Gujarat-ATS-Radical-Online-Module-Arrest
  • गुजरात एटीएस ने सोशल मीडिया पर सक्रिय कट्टरपंथी नेटवर्क का खुलासा कर दो युवकों को गिरफ्तार किया, जो ऑनलाइन ग्रुप्स के जरिए विचारधारा फैला रहे थे।

  • जांच में सामने आया कि आरोपी ISIS प्रेरित कंटेंट शेयर कर युवाओं को प्रभावित कर रहे थे, छोटे लेकिन संगठित डिजिटल नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।

  • दोनों आरोपियों को अदालत ने 11 दिन की रिमांड पर भेजा, एजेंसियां फंडिंग, भर्ती और संभावित गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही हैं।

Gujarat / Gandhinagar :

Gujarat/ देश में बढ़ती ऑनलाइन कट्टरपंथी गतिविधियों के बीच गुजरात एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया के जरिए सक्रिय एक संदिग्ध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े कंटेंट को फैलाने और युवाओं को प्रभावित करने में लगे थे। इस कार्रवाई से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैल रही खतरनाक विचारधाराओं को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता भी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पाटन जिले के सिद्धपुर निवासी 22 वर्षीय इरफान कालेखान पठान और मुंबई में रह रहे 21 वर्षीय मुर्शिद शेख के रूप में हुई है। इरफान ने मेहसाणा से एमएससी (केमिस्ट्री) की पढ़ाई की है, जबकि मुर्शिद आठवीं पास है और मुंबई में एक बिरयानी की दुकान पर काम करता है।

एटीएस को इरफान की गतिविधियों के बारे में पहले से इनपुट मिला था, जिसके बाद ह्यूमन और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसके मोबाइल से कई अहम सुराग मिले। वह इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप के ऐसे ग्रुप्स का हिस्सा था, जहां 'गजवा-ए-हिंद' जैसी विचारधारा को बढ़ावा दिया जा रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि इन ग्रुप्स में ISIS जैसे आतंकी संगठनों से प्रेरित कंटेंट शेयर किया जा रहा था, जो पाकिस्तान और अफगानिस्तान से जुड़े स्रोतों से प्रभावित बताया जा रहा है। ये ग्रुप्स छोटे लेकिन बेहद सीमित थे, जिनमें केवल 12 से 13 सदस्य शामिल थे।

इरफान से पूछताछ के बाद एटीएस टीम मुंबई पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से मुर्शिद शेख को हिरासत में लिया गया। उसके मोबाइल से भी इसी तरह का आपत्तिजनक और कट्टरपंथी सामग्री बरामद हुई है।

एटीएस के एसपी के. सिद्धार्थ के मुताबिक, दोनों आरोपी पिछले 5 से 6 महीनों से इन ऑनलाइन गतिविधियों में सक्रिय थे। हालांकि अब तक जांच में किसी तरह की जमीन पर हमले की तैयारी या रेकी के ठोस सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन डिजिटल स्तर पर इनकी गतिविधियां बेहद गंभीर पाई गई हैं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, इन ग्रुप्स में कथित तौर पर संगठन बनाने, फंडिंग जुटाने, नए लोगों की भर्ती करने और हमलों की योजना पर चर्चा की जाती थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 11 दिन की रिमांड पर भेजा गया है।