छतरपुर दहेज कांड: सोते समय बाल काटे
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Chhatarpur-Dowry-Harassment-Hair-Cut-Case
छतरपुर जिले के पिपौरा गांव में विवाहिता ने पति और सास पर दहेज प्रताड़ना तथा सोते समय बाल काटने का गंभीर आरोप लगाया।
पीड़िता के अनुसार दहेज की मांग पूरी न होने पर लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था।
Chhatarpur/ मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में दहेज प्रताड़ना का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मातगुंवा थाना क्षेत्र के पिपौरा गांव में एक विवाहिता ने अपने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार मारपीट की जाती थी और हाल ही में सोते समय उसके बाल काट दिए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पिपौरा गांव निवासी मनीषा अहिरवार का विवाह लॉकडाउन के दौरान टीकमगढ़ जिले के भानपुरा निवासी फूलचंद अहिरवार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता के पिता हरदयाल अहिरवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा था। मांग पूरी न होने पर मनीषा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
पीड़िता ने बताया कि घटना वाली रात वह अपने कमरे में सो रही थी। उसी दौरान पति फूलचंद और सास वती ने मिलकर कैंची से उसके बाल काट दिए। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद मायके पक्ष को सूचना दी गई और परिजन उसे अपने साथ ले गए।
मनीषा ने मातगुंवा थाने में लिखित शिकायत देकर अपनी जान को खतरा बताया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि वह अपने बच्चों के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीना चाहती है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।