शमशाबाद में किन्नरों के बीच विवाद

Wed 11-Feb-2026,01:09 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

शमशाबाद में किन्नरों के बीच विवाद Shamshabad-Kinnar-Dispute-Raisen-Complaint
  • शमशाबाद थाना क्षेत्र में किन्नरों के बीच विवाद के बाद दर्जनों लोगों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

  • गेंदा उर्फ शिवानी किन्नर पर अभद्र व्यवहार, झूमाझटकी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए।

Madhya Pradesh / Raisen :

Raisen/ शमशाबाद थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के बीच विवाद का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। बीते मंगलवार को महानीम, विदिशा, गढ़ी, गैरतगंज और सांची सहित रायसेन जिले के विभिन्न इलाकों से आए दर्जनों किन्नरों ने शमशाबाद पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायत में गेंदा उर्फ शिवानी किन्नर पर झूमाझटकी, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। आवेदन के अनुसार छाया गुरु ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ ग्राम सांगुल में होली की बधाई लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद शिवानी किन्नर ने कथित रूप से उनके साथ धक्का-मुक्की की और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्हें दोबारा उस क्षेत्र में न आने की चेतावनी भी दी गई।

घटना के बाद किन्नर समाज में आक्रोश व्याप्त हो गया। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर पुलिस से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि समाज में आपसी समन्वय बनाए रखना आवश्यक है और इस तरह की घटनाएं आपसी सौहार्द को प्रभावित करती हैं।

थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।