लुधियाना में अवैध पटाखा फैक्टरी ब्लास्ट, एक मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Ludhiana-Firecracker-Factory-Blast
लुधियाना के जोधां गांव में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, 18 वर्षीय युवक की मौत, दो गंभीर घायल, इलाके में दहशत का माहौल।
पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया, मजदूरों को झांसा देकर फैक्टरी में काम करवाने और विस्फोटक सामग्री रखने का आरोप।
Ludhiana/ लुधियाना के गांव जोधां के पास स्थित एक अवैध पटाखा फैक्टरी में मंगलवार देर रात हुए भीषण विस्फोट में 18 वर्षीय मोहम्मद कैफ की मौत हो गई, जबकि एक युवती और एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फराबाद निवासी दो सगे भाइयों साजिद और वाजिद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट 1908 की धारा 3, 4, 5 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा के अनुसार, आरोपी भाइयों ने गरीब मजदूर परिवारों को नौकरी का झांसा देकर पंजाब बुलाया था और उन्हें इस अवैध फैक्टरी में काम पर लगा दिया। बताया जा रहा है कि मजदूरों से पिछले कुछ दिनों से पटाखे बनवाए जा रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्टरी के स्टोर में भारी मात्रा में विस्फोटक पोटाश रखा हुआ था। अचानक किसी कारण से पोटाश में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और सेना की मदद भी ली जा रही है। मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अब किसी के फंसे होने की संभावना कम है।
जानकारी के मुताबिक, जिस मकान में फैक्टरी चलाई जा रही थी, वह एक एनआरआई परिवार का बताया जा रहा है। पुलिस अब मकान मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है और जल्द ही उन्हें भी मामले में नामजद किया जा सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्टरी में रहने वाले बाहरी लोगों की गतिविधियां पहले से संदिग्ध थीं, लेकिन प्रशासन को इसकी भनक नहीं लगी। यह भी बताया जा रहा है कि आने वाले त्योहारों के लिए यहां बड़े पैमाने पर पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। इस घटना ने एक बार फिर अवैध फैक्ट्रियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।