रायपुर सट्टा कांड: मास्टरमाइंड बाबू खेमानी मुंबई से गिरफ्तार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Raipur-Online-Betting-Racket-Babu-Khemani-Arrest
रायपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड बाबू खेमानी मुंबई से गिरफ्तार किया गया।
आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने का आरोप, रेड्डी और बजरंग ग्रुप सहित कई पैनलों के जरिए नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
Raipur/ राजधानी Raipur में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को Mumbai से गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आरोपी को फ्लाइट के जरिए रायपुर लाकर पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, बाबू खेमानी लंबे समय से फरार चल रहा था। 13 अप्रैल को गंज थाना में एफआईआर दर्ज होने के बाद वह रायपुर छोड़कर मुंबई भाग गया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने महाराष्ट्र, गोवा सहित कई स्थानों पर दबिश दी और अंततः उसे मुंबई के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से Indian Premier League (IPL) मैचों पर सट्टा चला रहा था। वह पिछले ढाई साल से रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर जैसे पैनलों के जरिए इस अवैध नेटवर्क का संचालन कर रहा था। इसके अलावा “ट्रिपल स्टम्प” नामक ऐप का भी वह मुख्य संचालक बताया जा रहा है।
पुलिस ने खुलासा किया कि इस नेटवर्क के जरिए आरोपी ने पिछले एक साल में करीब 2 से 3 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की। सट्टे के लेन-देन को छिपाने के लिए म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे ट्रांजेक्शन को ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से BMW कार, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित करीब 60 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
इस पूरे मामले में अब तक 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाबू खेमानी का भाई करण खेमानी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जांच के दौरान आरोपी के दुबई कनेक्शन का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, वह वहां ट्रेडिंग सीखने गया था और उसी जानकारी का इस्तेमाल सट्टा नेटवर्क को मजबूत करने में किया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी की अवैध संपत्तियों को अटैच करने की तैयारी कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।