रायपुर जमीन घोटाला: 69 फाइलें गायब, 100 करोड़ से ज्यादा गड़बड़ी की आशंका

Fri 17-Apr-2026,04:18 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

रायपुर जमीन घोटाला: 69 फाइलें गायब, 100 करोड़ से ज्यादा गड़बड़ी की आशंका Raipur-Land-Scam-Missing-Files-TNC-Irregularities
  • रायपुर नगर निगम में 69 भूखंडों की फाइलें गायब, 100 करोड़ से अधिक के जमीन घोटाले की आशंका, टेंडर और मंजूरी प्रक्रिया पर सवाल।

  • जोन-10 से फाइल सीधे TNC भेजकर प्रक्रिया बायपास, अधिकारियों और बिल्डरों की मिलीभगत की आशंका, जांच में दस्तावेज गायब पाए गए।

Chhattisgarh / Raipur :

Raipur/ राजधानी Raipur के नगर निगम में सामने आए कथित जमीन घोटाले ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला नगर निगम जोन-10 के कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड का है, जहां करीब 100 एकड़ जमीन से जुड़े 69 भूखंडों की फाइलें गायब पाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार, यह क्षेत्र आरडीए कॉलोनी से लगे बोरियाखुर्द, ओम नगर, सांई नगर और बिलाल नगर इलाकों में फैला हुआ है। आरोप है कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना फाइलों को सीधे टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TNC) विभाग भेज दिया गया। जब ये फाइलें वापस नगर निगम आयुक्त के पास पहुंचीं, तो उन्होंने पाया कि इन पर उनकी स्वीकृति ही नहीं थी।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई मूल दस्तावेज गायब हैं, जिससे पूरे मामले में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होती है। इस घटना को 100 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित घोटाले से जोड़ा जा रहा है। आरोप है कि अवैध कॉलोनियों को वैध बनाने के लिए नियमों को दरकिनार कर पूरी प्रक्रिया को बायपास किया गया।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष Akash Tiwari ने इस मामले में अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जोन-10 और TNC विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से यह घोटाला संभव हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं नगर निगम आयुक्त Vishwadeep ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। TNC से मिले अप्रूवल को रद्द कर दिया गया है और जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, सामान्य प्रक्रिया में फाइल पहले जोन से मुख्यालय जाती है, जहां आयुक्त की मंजूरी के बाद ही उसे TNC विभाग भेजा जाता है। लेकिन इस मामले में इस प्रक्रिया को दरकिनार किया गया, जिससे संदेह और गहरा हो गया है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।