Salman Khan Firing Case: अनमोल बिश्नोई ने कोर्ट में सरेंडर की मांग की
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Salman Khan Firing Case
अनमोल बिश्नोई ने सलमान खान फायरिंग केस में सरेंडर की इच्छा जताई।
तिहाड़ जेल से मुंबई कोर्ट में पेशी के लिए प्रोडक्शन वारंट की मांग।
ट्रायल शुरू हो चुका है, तीन गवाहों के बयान भी दर्ज हो चुके हैं।
Mumbai / दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई की विशेष अदालत का रुख किया है। उसने अदालत में याचिका दाखिल कर इस मामले में औपचारिक रूप से सरेंडर करने की अनुमति मांगी है। अनमोल का कहना है कि वह निष्पक्ष सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करने के लिए मुकदमे का सामना करना चाहता है।
गौरतलब है कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई कई आपराधिक मामलों में वांछित था। पिछले वर्ष नवंबर में उसे अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया गया था, जिसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है और विभिन्न मामलों में जांच एजेंसियों की हिरासत में है।
मुंबई की विशेष MCOCA अदालत में दायर याचिका में अनमोल ने कहा है कि वह 2024 में अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग से जुड़े मामले में न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बनना चाहता है। हालांकि वह पहले से ही एनआईए के एक अन्य मामले में कानूनी हिरासत में है, इसलिए अदालत के आदेश के बिना व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सकता।
याचिका में उसने अदालत से अनुरोध किया है कि तिहाड़ जेल प्रशासन को प्रोडक्शन वारंट जारी किया जाए, ताकि उसे अदालत में पेश किया जा सके। अनमोल का कहना है कि इससे न केवल उसके सरेंडर की प्रक्रिया पूरी होगी, बल्कि मामले की सुनवाई भी तेजी से आगे बढ़ सकेगी। उसने यह भी दावा किया कि उसके अदालत में पेश होने से अभियोजन पक्ष को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।
अनमोल बिश्नोई ने अदालत को बताया कि इस मामले में ट्रायल शुरू हो चुका है और उसकी अनुपस्थिति में अब तक तीन गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं। ऐसे में वह चाहता है कि उसकी मौजूदगी को कानूनी रूप से दर्ज किया जाए और आगे की न्यायिक प्रक्रिया में उसे शामिल होने का अवसर मिले।
अब इस याचिका पर अदालत के फैसले का इंतजार है। यदि अदालत प्रोडक्शन वारंट जारी करती है, तो अनमोल बिश्नोई को तिहाड़ जेल से मुंबई लाकर इस मामले में औपचारिक रूप से पेश किया जा सकता है। यह मामला पहले से ही काफी चर्चित रहा है और अदालत के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।