शमशाबाद गोवंश हत्या मामला: 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Shamshabad-Cow-Killing-Case-5-Accused-Arrested
गाय के अवशेष मिलने से फैले तनाव के बाद बजरंग दल का चक्का जाम, पुलिस की सख्ती से हालात नियंत्रण में।
विदिशा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सतर्कता, न्यायालय में आरोपियों की पेशी।
Vidisha/ मंगलवार को शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम करमेडी के जंगल में गाय के अवशेष मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला संज्ञान में लिया और गोवंश हत्या प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में दबिश देकर अलग-अलग स्थानों से कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी ग्राम करमेडी, बरुआखार, रमपुराखुर्द और सांगुल के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के बाद शमशाबाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में चक्का जाम कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने छोटे चौराहा पर सड़क जाम कर नारेबाजी की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी थी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।